कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाई दीपावली, बांटी खुशियां
वृद्धजनों को उपहार भेंटकर दी दीपावली की शुभकामनाएं
दीपावली के पावन पर्व पर कलेक्टर श्री पवन जैन ने वृद्धजनों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। रविवार को कलेक्टर सपत्नीक भिण्ड बायपास रोड़ स्थित सेवा भारती आनंदधाम वरिष्ठजन सेवा केंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने निवासरत वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।
कलेक्टर ने वृद्धजनों के स्वास्थ्य, भोजन एवं दैनिक जीवन से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने वृद्धजनों के साथ बैठकर संवाद किया और उन्हें मिठाइयां तथा उपहार भेंट किए। इस दौरान वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और संतोष स्पष्ट देखा गया।
कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि त्योहारों की सच्ची खुशी अपनों के साथ समय बिताने और जरूरतमंदों के जीवन में खुशी बांटने में है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान, देखभाल और उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। वृद्धजनों को अपनत्व, स्नेह और सम्मान देना हमारी संस्कृति के मूल्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कलेक्टर ने सभी वृद्धजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। उन्होंने आनंदधाम के संचालकों एवं कर्मियों से भी वृद्धजनों की देखभाल में निरंतर संवेदनशीलता बरतने का आग्रह किया।
इस अवसर पर तहसीलदार श्री अरविंद शर्मा, डॉ. शैलेंद्र परिहार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#Diwali2026
#दीपावली
#भिण्ड
#Bhind
313 views | Bhind, Madhya Pradesh | Nov 8, 2026