#खुशियों_की_दास्तां
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से ग्वालियर-इटावा मार्ग से जुड़ा ग्राम महापुर
1.775 किलोमीटर लंबी ग्राम सड़क से ग्रामवासियों का आवागमन हुआ आसान
भिण्ड जिले के ग्राम महापुर के 277 परिवारों के जीवन में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित 1.775 किलोमीटर लंबी ग्राम सड़क से सकारात्मक परिवर्तन आया है। फरवरी, 2024 में तैयार हुई इस परियोजना अंतर्गत 1.465 किलोमीटर की बीटी सड़क और 0.315 किलोमीटर की सीसी सड़क से ग्राम महापुर को ग्वालियर-इटावा मार्ग से बारहमासी सड़क संपर्क मिला है, जिससे ग्रामवासियों का आवागमन आसान हुआ है। निर्माता एजेंसी द्वारा सड़क का पांच वर्षीय गारंटी अवधि में फरवरी, 2029 तक संधारण किया जाएगा।
महापुर के कृषक श्री हरिशरण शर्मा बताते हैं कि पहले कच्ची सड़क के कारण सभी ग्रामवासी परेशान थे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के बनने से भिण्ड बाजार जाने में सुविधा हुई है, साथ ही ट्रैक्टर और ट्राली से गल्ला मंडी जाना आसान हुआ है। ग्रामवासी श्री राधेश्याम शर्मा बताते हैं कि कच्चे रास्ते के स्थान पर पक्की सड़क बनने से आने-जाने में अब कोई दिक्कत नहीं होती; ग्रामीणों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी सुगम हुई है। वे दोनों ग्रामीण विकास के इस महत्वपूर्ण स्तंभ के लिए पूरे ग्राम की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हैं।
भिण्ड जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अब तक विभिन्न चरणों के माध्यम से 452 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 316 नए निर्माण और 136 उन्नयन कार्य हैं। प्रथम चरण में कुल 1364 किलोमीटर, द्वितीय चरण में 67 किलोमीटर और तृतीय चरण में 190 किलोमीटर की ग्राम सड़क का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिससे जिले की सम्पर्क-विहीन ग्रामीण बस्तियों को सड़क संपर्क मिला है।
CM Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#प्रधानमंत्री_ग्राम_सड़क_योजना
#SuccessStory
#भिण्ड
#Bhind
.