*शासकीय महाविद्यालय प्राचार्य की दबंगई,रोक के बाबजूद काटे जा रहे हरे भरे पेड़*
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
लहार :शासकीय महाविद्यालय लहार के परिसर में वर्षों की मेहनत से तैयार किए गए हरे-भरे पेड़ों पर लगातार कुल्हाड़ी चल रही है। प्रशासन को लिखित शिकायत और जांच के निर्देशों के बावजूद परिसर में पेड़ों की अवैध कटाई थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को एक बार फिर से पेड़ों की कटाई शुरू किए जाने की सूचना पर लहार तहसीलदार मौके पर पहुंचे और कटाई कर रहे लोगों को रंगे हाथों रोककर काम बंद कराया।
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
*निजी लाभ और लकड़ी बेचने के लिए काटे जा रहे पेड़*
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
मिली जानकारी के अनुसार, महाविद्यालय परिसर में लगे अधिकांश हरे-भरे पेड़ों को काट दिया गया है। आरोप है कि कुछ निजी लाभ और लकड़ी की अवैध बिक्री के उद्देश्य से बिना किसी सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के यह कटाई कराई जा रही है। परिसर में लगे नीम, बबूल, शीशम और आंवला जैसे छायादार और औषधीय पेड़ों को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
*समाजसेवी ने हाथों से सींचकर तैयार की थी हरियाली*
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
महाविद्यालय परिसर की इस हरियाली के पीछे समाजसेवी सुरेश चंद्र दुबे की वर्षों की कड़ी मेहनत और त्याग जुड़ा हुआ है। जब परिसर में पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी, तब उन्होंने अपने हाथों से पानी लाकर इन पौधों को सींचा था और बड़े जतन से इन्हें विशाल पेड़ों का रूप दिया था। आज उन पेड़ों को कटता देख स्थानीय लोगों और छात्रों में भारी आक्रोश है।
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
*छात्रों ने एसडीएम से की थी शिकायत, दिए थे ठोस सबूत*
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
इससे पूर्व महाविद्यालय के छात्र सौरभ व्यास, निखिल, शेखर, इमरान, गौरव, अनिकेत और सनी सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) लहार को एक लिखित शिकायती आवेदन सौंपा था। छात्रों ने प्राचार्य डॉ. अंगद सिंह दोहरे और कॉलेज प्रबंधन पर बिना अनुमति पेड़ कटवाने और लकड़ी को निजी तौर पर बेचने के गंभीर आरोप लगाए थे।
छात्रों ने प्रशासन को सबूत के तौर पर कटे हुए पेड़ों के ठूंठ और लकड़ी के निस्तारण के जीपीएस (GPS) मैप लोकेशन युक्त फोटोग्राफ भी सौंपे थे। इसके अलावा, छात्रों ने एक वीडियो होने का भी दावा किया था, जिसमें प्राचार्य कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि वे सभी पेड़ हटवा देंगे और इसके लिए उन्हें किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है।
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
*नायब तहसीलदार को सौंपी गई थी जांच, फिर भी जारी रही कटाई*
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने पूर्व में नायब तहसीलदार को मौके पर जाकर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। छात्रों ने मांग की थी कि ठूंठों की नाप कराकर अवैध रूप से बेची गई लकड़ी जब्त की जाए तथा दोषियों पर वन अधिनियम, भू-राजस्व संहिता और विभागीय नियमों के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई हो। हालांकि, प्रशासनिक रोक और जांच की प्रक्रिया के बीच ही शनिवार को दोबारा कटाई शुरू कर दी गई, जिसे तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में दोषियों पर क्या ठोस कार्रवाई करता है।