जिला परिवहन विभाग द्वारा अवैध रिक्शों पर सख्ती
बड़ी संख्या में जप्त किए अन्य राज्यों में रजिस्टर्ड रिक्शे
अन्य राज्यों में रजिस्टर्ड रिक्शों को जप्त कर होगी कठोर कार्रवाई
भिण्ड में अब दो पालियों में चलेंगे ई-रिक्शा: 300 की कलर कोडिंग पूरी, शेष की अभियान मोड पर 2-3 दिनों में होगी
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने सक्रिय अभियान शुरू किया है। कलेक्टर श्री पवन जैन की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिला परिवहन अधिकारी श्री राजेन्द्र सोनी के नेतृत्व में विभागीय दल ने जिले में संचालित अन्य राज्यों में पंजीकृत रिक्शों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अवैध रूप से चल रहे रिक्शे जप्त किए गए हैं। जिन पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।
अवैध वाहनों पर सख्ती
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अन्य राज्यों में पंजीकृत या बिना नंबर प्लेट वाले जितने भी रिक्शे या ई रिक्शा (टमटम) जिले में संचालित हो रहे हैं, उन्हें जप्त कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उद्देश्य है कि सड़कों पर केवल वैध दस्तावेजों और नियमों के अनुसार संचालित वाहन ही रहें, जिससे यातायात जाम और दुर्घटनाओं की संभावना घटे।
दो पालियों में संचालन
सड़क सुरक्षा समिति के निर्णय के अनुसार नंबर प्लेट लगे रजिस्टर्ड ई-रिक्शों की कलर कोडिंग की जा रही है। इसके तहत ई-रिक्शे शहर में दो पालियों में संचालित होंगे, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो और यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके। अब तक 300 ई-रिक्शों की कलर कोडिंग पूरी की जा चुकी है।
अभियान मोड में तैयारी
शेष सभी रजिस्टर्ड ई-रिक्शों की कलर कोडिंग अभियान मोड में दो से तीन दिनों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद सभी वाहन निर्धारित नियमों के अनुसार अपनी-अपनी पाली में संचालित होंगे। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से यात्रियों को व्यवस्थित परिवहन मिलेगा और शहर की सड़कों पर सुरक्षा बढ़ेगी।
कलेक्टर श्री पवन जैन के निर्देशन में प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे ये ठोस कदम भिण्ड शहर को जाममुक्त, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Madhya Pradesh Transport Department
#भिण्ड
#Bhind
Bhind, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026