कासगंज में खाद विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 10 उर्वरकों के नमूने लिए
जिला कृषि अधिकारी ने नौ खाद दुकानों का किया निरीक्षण, स्टॉक और रेट बोर्ड की भी जांच
कासगंज। जनपद में किसानों को गुणवत्तापूर्ण रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार ने विभिन्न उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण एवं छापामार कार्रवाई की। इस दौरान नौ खाद विक्रय केंद्रों का निरीक्षण कर 10 उर्वरकों के नमूने एकत्रित किए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी ने विनोद ट्रेडिंग कंपनी कासगंज, सूरज प्रसाद कैलाश नाथ कासगंज, अजय कुमार ट्रेडर्स इस्माइलपुर, राखी खाद बीज भंडार इस्माइलपुर, प्रिंस यादव खाद भंडार महमूदपुर पुख्ता सोरों, मां वैष्णो देवी खाद बीज भंडार केन्डी, पाल खाद बीज भंडार केन्डी, प्रकाश खाद बीज भंडार नरौली तथा बालाजी ट्रेडर्स फरीदपुर का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, स्टॉक बोर्ड एवं रेट बोर्ड पूर्ण पाए गए। किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतिष्ठानों से 10 नमूने भी एकत्रित किए गए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि किसानों को निर्धारित दरों पर ही उर्वरक की बिक्री करें। सभी विक्रेता अपने प्रतिष्ठानों पर स्टॉक एवं रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Kasganj, Kasganj | Nov 17, 2026