मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान
आयुक्त श्री मनोज खत्री की अध्यक्षता में बसई में जनकल्याण शिविर आयोजित
100 से अधिक आवेदनों पर हुई जनसुनवाई, अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश
उद्यम संवाद में दो हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए
आयुक्त ने सीएचसी एवं छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज जिले के दूरस्थ अंचल ग्राम बसई में ग्वालियर संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री की अध्यक्षता में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदनों पर जनसुनवाई की गई। आयुक्त श्री खत्री ने 100 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्यम संवाद में दो हितग्राहियों को मिले ऋण स्वीकृति पत्र
जनकल्याण शिविर के दौरान उद्यम संवाद का आयोजन किया गया। इसमें दो हितग्राहियों को उद्यम स्थापना के लिए ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। ग्राम बसई के श्री पवन राय को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत ऑयल मिल स्थापित करने के लिए पाँच लाख रुपये तथा श्री धर्मेंद्र राजपूत को किराना व्यवसाय के लिए 4.90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर दोनों हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उद्यमियों एवं युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया
जनकल्याण शिविर के दौरान संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बसई का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध सुविधाओं, उपचार व्यवस्था तथा मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस दौरान टीबी से पीड़ित मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट वितरित की गईं, ताकि उपचार के साथ उन्हें पोषण संबंधी सहयोग भी मिल सके।
अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास का किया निरीक्षण
इसके पश्चात संभाग आयुक्त श्री खत्री ने शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों के रहन-सहन, भोजन व्यवस्था एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या तथा छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। साथ ही भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आयुक्त ने छात्रावास में खाद्य सामग्री के स्टॉक रजिस्टर का निरीक्षण कर अभिलेखों का अवलोकन किया तथा खाद्य सामग्री के संधारण एवं वितरण संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन कोचिंग के लिए टीवी लगवाने के निर्देश
विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाने तथा उन्हें आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों से जोड़ने के उद्देश्य से आयुक्त श्री खत्री ने छात्रावास में ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए टीवी लगवाने के निर्देश दिए। इससे विद्यार्थी ऑनलाइन कक्षाओं एवं शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से अपनी पढ़ाई को और प्रभावी बना सकेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा छात्रावास में उपलब्ध खेलकूद सामग्री का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री खत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों और विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। जनकल्याण शिविर के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निराकरण करने तथा स्वास्थ्य केंद्र एवं छात्रावास जैसी संस्थाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने का उद्देश्य जनसुविधाओं की उपलब्धता और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Gwalior Commissioner
Collector Office Datia
#datia #CMMadhyaPradesh #दतिया #JansamparkMP #MadhyaPradesh
Datia, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026