रतनगढ़ माता मंदिर में लख्खी मेले के द्वितीय दिवस आस्था का महासंगम
16 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, 5 हजार से अधिक सर्पदंश पीड़ितों के बंध खोले गए
प्रशासन की व्यापक व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को मिल रहे सुगम दर्शन
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक लगातार कर रहे व्यवस्थाओं की निगरानी
आस्था, श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक प्रसिद्ध रतनगढ़ माता मंदिर में आयोजित लख्खी मेले में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। रतनगढ़ माता एवं कुंअर बाबा के प्रति भक्तों की अटूट आस्था के चलते आज मंगलवार को मेले के द्वितीय दिवस पर लगभग 16 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ प्राप्त किए। साथ ही 5 हजार से अधिक सर्पदंश पीड़ितों के बंध खोले गए।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यापक तैयारियों, सुनियोजित प्रबंधन और सतत निगरानी के चलते भक्तों को सहज, सुरक्षित एवं सुगम दर्शन की सुविधा मिल रही है।
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल स्वयं मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। दोनों अधिकारी विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों, श्रद्धालुओं की आवाजाही, दर्शन व्यवस्था, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों द्वारा मेले में कार्यरत कर्मचारियों को निरंतर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि भीड़ प्रबंधन में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और प्रत्येक श्रद्धालु को सुगमता से दर्शन का अवसर मिल सके।
श्रद्धालुओं ने की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना
मेले में पहुंच रहे श्रद्धालुओं ने इस वर्ष की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना की। श्रद्धालुओं का कहना है कि भारी भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी हुई है। सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के कारण उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने कहा कि मेला समाप्ति तक सभी व्यवस्थाओं को पूरी मुस्तैदी के साथ संचालित किया जाएगा। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन कराकर सकुशल उनके घर तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय, तत्परता और सेवा भाव के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Religious trusts & Endowments, MP
#दतिया #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #datia #LakkhiMela2026 #रतनगढ़मातामंदिर
28 views | Datia, Madhya Pradesh | Nov 10, 2026