सिरोंज में विद्यार्थियों को दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
..
एसडीईआरएफ टीम ने सीपीआर, प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा एवं सर्पदंश से बचाव के बताए उपाय
..
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार तथा डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड, जिला विदिशा श्री मयंक कुमार जैन के नेतृत्व में बुधवार को केडीबीएम इंटरनेशनल स्कूल, सिरोंज में आपदा प्रबंधन जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीईआरएफ (SDERF) टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्टॉफ को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित व्यवहार की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को बाढ़, भूकंप, अग्निकांड, आकाशीय बिजली, सर्पदंश सहित अन्य आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षकों ने समझाया कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम, सतर्कता और सूझबूझ से कार्य करना चाहिए। साथ ही स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आसपास मौजूद लोगों की सहायता करने के लिए भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।
व्यावहारिक प्रशिक्षण से समझाए बचाव के तरीके -
एसडीईआरएफ टीम द्वारा प्रशिक्षण के दौरान सीपीआर (CPR), प्राथमिक उपचार, अग्नि दुर्घटना से बचाव तथा सर्पदंश की स्थिति में आवश्यक सावधानियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए इम्प्रोवाइज्ड बचाव उपकरण तैयार करने की प्रक्रिया भी विद्यार्थियों को समझाई गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि आपदा के समय शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में प्राथमिक उपचार, सीपीआर तथा सुरक्षित बचाव की जानकारी किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। विद्यार्थियों को विभिन्न परिस्थितियों में सही निर्णय लेने और उपलब्ध संसाधनों का सुरक्षित तरीके से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
दामिनी एवं सचेत ऐप के उपयोग की दी जानकारी -
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टॉफ को दामिनी ऐप और सचेत ऐप के महत्व एवं उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि दामिनी ऐप आकाशीय बिजली एवं वज्रपात से संबंधित पूर्व चेतावनी प्राप्त करने में सहायक है। वहीं सचेत ऐप विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित अलर्ट एवं सुरक्षा दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने में उपयोगी है।
विद्यार्थियों को इन ऐप्स का उपयोग करने के साथ-साथ अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि आपदा की स्थिति में समय रहते आवश्यक सावधानियां बरती जा सकें।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया प्रशिक्षण -
आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने प्रशिक्षकों से आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी प्राप्त की तथा व्यावहारिक प्रदर्शन को ध्यानपूर्वक देखा। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री महेश पटवा ने एसडीईआरएफ टीम द्वारा प्रदान किए गए प्रशिक्षण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। इससे उनमें आपदा के समय सही निर्णय लेने, स्वयं को सुरक्षित रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर दूसरों की सहायता करने का आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने एसडीईआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसडीईआरएफ टीम के जवान देवेंद्र सिंह परमार, माधव कुशवाह, गौरव रघुवंशी, देवेंद्र किलोरिया, सचिन कुशवाह एवं संदीप ने प्रशिक्षण प्रदान किया। #JansamparkMP #vidisha
87 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 2, 2026