अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्ध जनो का सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया
..
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 106 वर्षीय गुलाब बाई का शतायु सम्मान, स्वास्थ्य, विधिक साक्षरता एवं आयुष शिविर में 180 वृद्धजनों ने लिया भाग
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र परिसर में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वृद्धजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, विधिक साक्षरता शिविर एवं आयुष्मान शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रम में लगभग 180 वृद्धजन सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री मुकेश टंडन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति राकेश शर्मा, ब्रह्माकुमारी प्रजापिता सपना दीदी, पेंशन एसोसिएशन अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश चतुर्वेदी एवं वृद्धाश्रम से श्रीमती इंदिरा शर्मा ने विदिशा नगर के वार्ड क्रमांक 8 निवासी 106 वर्षीय श्रीमती गुलाब बाई विश्वकर्मा का शतायु सम्मान किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी वृद्धजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
वृद्धजनों के साथ रंगोली और नुक्कड़ नाटक -
कार्यक्रम के दौरान राधाकृष्ण आईटीआई के विद्यार्थियों ने वृद्धजनों के साथ रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की। वहीं, एसएसएल जैन कॉलेज के एनएसएस विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वरिष्ठजनों की समस्याओं तथा उनके प्रति युवाओं के सहयोग और जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
योजनाओं एवं भरण-पोषण अधिनियम की दी जानकारी -
कार्यक्रम में उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग द्वारा विभाग के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं तथा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण से संबंधित अधिनियम के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही वृद्धजनों को उपलब्ध शासकीय सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित रेडक्रॉस सोसायटी, लायंस क्लब, रोटरी क्लब एवं अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। #Vidisha