ऑपरेशन अमानत: आरपीएफ कोडरमा ने 60 हजार रुपये का छूटा बैग यात्री को सौंपा
कोडरमा। आरपीएफ कोडरमा ने ऑपरेशन अमानत के तहत ट्रेन में छूटे यात्री के बैग को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजन को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर को रेल मदद के माध्यम से शिकायत मिली थी कि राजा कुमार का बैग ट्रेन संख्या 03008 डाउन स्पेशल के कोच एस-8 की बर्थ संख्या 38 पर छूट गया है। सूचना पर आरपीएफ टीम ने कोडरमा स्टेशन पर बैग बरामद किया। 29 अक्टूबर को उनके मित्र सुजीत कुमार को सत्यापन के बाद बैग सौंप दिया गया। बैग में डेल कंपनी का लैपटॉप, चार्जर और जरूरी दस्तावेज थे। सामान की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई। सामान मिलने पर उन्होंने आरपीएफ टीम का आभार जताया।