सेक्रेड हार्ट स्कूल में आईआईटी बॉम्बे के सहयोग से आयोजन, 120 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव और आत्मनिर्भरता की सीख देने के उद्देश्य से सेक्रेड हार्ट स्कूल में स्टार्टअप बिजनेस मेले का आयोजन किया गया। आईआईटी बॉम्बे के एंटरप्रेन्योरशिप सेल के सहयोग से नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज एन ई सी जूनियर 2026 के तहत आयोजित इस मेले में कक्षा छह से बारहवीं तक के 120 से अधिक विद्यार्थियों ने 30 स्टॉल लगाकर अपनी व्यावसायिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का परिचय दिया। प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। विद्यार्थियों के उत्साह को देखकर उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य बच्चों को केवल अच्छे विद्यार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और भविष्य का सफल उद्यमी बनाना भी है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में कुछ नया करने की क्षमता होती है। जरूरत है उस प्रतिभा को सही मंच और अवसर देने की। आज के ये छोटे-छोटे प्रयास ही कल बड़े स्टार्टअप और रोजगार सृजन का आधार बन सकते हैं।
मेले में विद्यार्थियों ने हस्तनिर्मित सजावटी सामान, वेस्ट मटेरियल से बने उपयोगी उत्पाद, दीपावली के दीये, गिफ्ट हैम्पर, पेंटिंग, स्टेशनरी, मनोरंजक खेल और खानपान के स्टॉल लगाए। खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने स्वयं अपने उत्पाद तैयार किए और उनकी कीमत तय करने से लेकर ग्राहकों को आकर्षित करने तथा बिक्री एवं मुनाफे का हिसाब रखने तक की जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता में कक्षा छह से आठ वर्ग में 'आर्टिस्ट क्रिएटिव हब' प्रथम, 'क्राफ्ट कॉर्नर' द्वितीय तथा 'स्टेशनरी एंटरप्राइज' और 'लिटिल थिंग्स स्टूडियो' संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। वहीं कक्षा नौ से बारह वर्ग में 'बेस्ट आउट ऑफ बेस्ट' प्रथम, 'हैम्पर हब' द्वितीय और 'लिटिल फोल्ड' तृतीय स्थान पर रहे। मेले में 600 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की भागीदारी रही। निर्णायक मंडली में प्राचार्य प्रमोद शर्मा के अलावा कुंतल जेठवा, अनुष्का शर्मा, मनोज पांडेय एवं सत्येंद्र सिंह शामिल थे। कार्यक्रम का समन्वयन कोर्डिनेटर अमृत शंकर झा ने किया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को यह एहसास कराया कि वे केवल भविष्य के उपभोक्ता नहीं, बल्कि भविष्य के निर्माता और उद्यमी भी बन सकते हैं।
Koderma, Kodarma | Oct 30, 2026