माधौगढ़ थाने में डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, 48 हिस्ट्रीशीटरों की होगी नए सिरे से निगरानी
माधौगढ़ (जालौन) आगामी विधानसभा चुनाव और त्योहारों को लेकर प्रशासन ने कानून-व्यवस्था की तैयारियों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।
सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने थाना माधौगढ़ का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की उपलब्धता, अभिलेख, हवालात, सीसीटीवी कैमरे, बीट व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, शौचालय और बैरक समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को परखा गया।
डीएम ने आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को देखते हुए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील गांवों, मतदान केंद्रों और विवाद संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर अभिलेख अपडेट रखने के निर्देश दिए।
हिस्ट्रीशीटर पंजिका की जांच में 48 हिस्ट्रीशीटर दर्ज मिले। कुछ प्रविष्टियों में जन्मतिथि की त्रुटियां और पुराने-अस्पष्ट फोटो मिलने पर डीएम ने सभी हिस्ट्रीशीटरों को निर्धारित समय में थाने बुलाकर पहचान, जन्मतिथि, फोटो और व्यक्तिगत विवरण का दोबारा सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
प्रत्येक सत्यापन पर अधिकारी के हस्ताक्षर और तारीख दर्ज करने के साथ चुनाव के मद्देनजर उनकी गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने को कहा गया।
थाने में लगे आठ सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और फुटेज के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बीट व्यवस्था में पांच हल्के और 21 बीट पाए गए। बीट पुलिसकर्मियों को गांवों में होने वाली महत्वपूर्ण घटनाओं, विवादों और आपराधिक गतिविधियों की जानकारी नियमित रूप से दर्ज करने के साथ गौशाला, विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करने को कहा गया।
त्योहार रजिस्टर की समीक्षा में आगामी नवरात्रि और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर समितियों, आयोजकों, मार्ग, तिथि, समय व वाहनों का विवरण अपडेट करने तथा संवेदनशील स्थानों का पहले से सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र में कंप्यूटर खराब मिलने पर तत्काल ठीक कराने को कहा गया।
महिला शिकायतों को गोपनीयता और संवेदनशीलता के साथ सुनकर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
शौचालयों की साफ-सफाई सुधारने तथा जर्जर बैरक का लोक निर्माण विभाग से तकनीकी परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। जर्जर बैरक को फिलहाल उपयोग में न लेने को कहा गया।
डीएम-एसपी के निरीक्षण से साफ है कि चुनाव से पहले थाना स्तर पर रिकॉर्ड, निगरानी और कानून-व्यवस्था की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है।
इस दौरान एसडीएम मनोज प्रकाश, सीओ अम्बुज, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
#Jalaun #Madhogarh #DMJalaun #JalaunPolice #SPJalaun #MadhogarhPolice #Election2027 #LawAndOrder #HistorySheeter #CCTV #MissionShakti #WomenHelpDesk #JalaunNews #Orai #Bundelkhand #BreakingNews
Kalpi, Jalaun | Sep 27, 2026