बारह रबीउल अव्वल पर उतरौला में रही पुलिस की पैनी नजर: एएसपी ने ड्रोन से परखी सुरक्षा, जुलूस मार्ग का लिया जायजा
बलरामपुर। (ईद-ए-मिलाद-उन-नबी) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने उतरौला कस्बे का सघन भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
त्यौहार के दृष्टिगत एएसपी ने जुलूस मार्ग, संवेदनशीलता वाले इलाकों, मुख्य चौराहों और छतों की सुरक्षा जांचने के लिए स्वयं ड्रोन कैमरे से हवाई निगरानी की। इस दौरान छतों पर पत्थरों की स्थिति, गलियों में संदिग्ध गतिविधियों और यातायात प्रबंधन को ड्रोन के जरिए परखा गया। साथ ही, जुलूस मार्ग पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों, बैरियरों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस पिकेट की कार्यप्रणाली को भी री-चेक किया गया।
एएसपी विशाल पाण्डेय ने मातहतों को मुस्तैदी बरतने और गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए। बलरामपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्यौहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल आपातकालीन नंबर डायल 112 या स्थानीय थाने को दें।