मातृशक्ति को दोहरी सौगात: 60 पार बुजुर्ग महिलाओं को आजीवन और रक्षाबंधन पर सभी बहनों को सहयोगी संग फ्री बस सफर
कलेक्ट्रेट में गूंजा नारी सम्मान का पर्व, सीएम योगी ने हरी झंडी दिखाकर ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का किया आगाज़
बलरामपुर ब्यूरो | 26 अगस्त 2026
नारी सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को नई उड़ान देते हुए प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन से ठीक पहले माताओं-बहनों के लिए अपनी तिजोरी खोल दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ से बहुप्रतीक्षित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का भव्य शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक योजना के तहत अब प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की बुजुर्ग महिलाओं को रोडवेज बसों में जीवनभर के लिए मुफ़्त सफर का तोहफा मिला है।
बलरामपुर कलेक्ट्रेट में सजा उत्सव का माहौल
लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण बलरामपुर कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। मुख्यमंत्री जी का संबोधन सुनते ही पूरा कलेक्ट्रेट परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस खास मौके पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू' और सदर विधायक प्रतिनिधि ब्रजेंद्र तिवारी ने महिलाओं को साड़ी व मिष्ठान भेंट कर रक्षाबंधन की बधाई दी।