#बलरामपुर! मोहम्मद-ए-अरबी के यौमे विलादत पर #उतरौला के अस्पतालों में भर्ती मरीजों व तीमारदारों को बांटे गए फल व जूस, चेहरों पर मुस्कान...
पैगंबर साहब के यौमे विलादत पर खिदमत-ए-खल्क: अस्पतालों में मरीजों को बांटे गए फल...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
#उतरौला (#बलरामपुर)
पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम के यौमे विलादत (बारह रबीउल अव्वल) के मुबारक मौके पर बुधवार को उतरौला नगर में दावत-ए-इस्लामी हिंद और गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन (GNRF) के संयुक्त तत्वावधान में सामाजिक व मानवीय सेवा का अनूठा संदेश दिया गया। संस्था के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न सरकारी व निजी अस्पतालों में पहुंचकर भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों का हाल-चाल जाना तथा उन्हें फल व जूस वितरित किए।
इस सेवा अभियान के तहत उतरौला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, साजिदा हॉस्पिटल, लाइफ केयर हॉस्पिटल, रज़ा नर्सिंग होम, हर्ष हॉस्पिटल और अब्दुल करीम मेमोरियल एंड हरीम ट्रॉमा सेंटर में भर्ती मरीजों के बीच जाकर उनकी सेहत की दुआ की गई। बीमारी की हालत में अचानक मिले इस सहयोग और अपनत्व से मरीजों व तीमारदारों के चेहरों पर खुशी तैर गई।
आयोजकों ने बताया कि हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाएं पूरी इंसानियत के लिए रहमत और खिदमत का पैगाम देती हैं। बीमारों की मिजाजपुर्सी (हाल-चाल पूछना) और जरूरतमंदों की मदद करना उनके बताए बेहतरीन रास्तों में से एक है।
इस दौरान प्रधानाचार्य फिरोज मदनी, साबान मदनी, मास्टर रईस बेग, डॉ. दिलशाद बेग और भोला समेत संगठन के तमाम कार्यकर्ता व गणमान्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
#Balrampur #Utraula