डोमचांच में श्री परमहंस बाबा का तीन दिवसीय समाधि पर्व आज से शुरू, देशभर से पहुंचे श्रद्धालु
सब सत् का दिव्य मंत्र देने वाले श्री परमहंस बाबा का तीन दिवसीय समाधि पर्व हवन, महाआरती एवं भजन-कीर्तन के साथ शुक्रवार को 12 बजे शुरू होगा। आयोजन में कोडरमा, तिलैया, बरही, चतरा, गिरिडीह, धनबाद, हजारीबाग, रांची, बोकारो सहित बिहार, कोलकाता और मुंबई से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। बाबा दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। 31 अक्टूबर को बाबा की समाधि पर चादरपोशी होगी, जबकि एक नवंबर को महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
बताया जाता है कि परमहंस बाबा का जन्म 1870 में गिरिडीह के गोंदलीटांड़ में हुआ था। वर्ष 1916 में भारत भ्रमण के दौरान वे डोमचांच पहुंचे थे। समाधि पर्व को सफल बनाने में विवेक इंद्र गुरु, आलोक इंद्र गुरु, राजीव कुमार उर्फ रिंकू सिंह सहित कई श्रद्धालु एवं आयोजन समिति के सदस्य जुटे हैं।