पंचखेरो जलाशय में 20 टन मछलियों की मौत की आशंका, मत्स्य पालकों को भारी नुकसान
कोडरमा। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से हुई भारी बारिश ने मरकच्चो प्रखंड के पंचखेरो जलाशय में मत्स्य पालन करने वाले किसानों की कमर तोड़ दी है। जलाशय में अचानक जलस्तर बढ़ने से हजारों तेलापिया मछलियां मरकर पानी में तैरने लगीं। करीब 20 टन मछलियों के मरने की आशंका जताई जा रही है। अरकोसा पुनर्वास के तहत अजीत वर्मा, महेश वर्मा सहित अन्य मत्स्य पालकों ने यहां मछली पालन किया था। मछलियां करीब एक किलो वजन की हो चुकी थीं और बिक्री के लिए तैयार थीं। किसानों का कहना है कि कर्ज लेकर व्यवसाय शुरू किया था, लेकिन अब पूरी पूंजी डूबने की आशंका है। पीड़ितों ने जिला प्रशासन और मत्स्य विभाग से मुआवजे की मांग की है। हालांकि नुकसान का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हुआ है।