पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे डोमचांच के लालकीमाटी गांव के आदिवासी, पहाड़ी नाले से बुझाते हैं प्यास
डोमचांच प्रखंड अंतर्गत धरगांव पंचायत के लालकीमाटी गांव में आज भी ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। गांव के आदिवासी परिवारों को पेयजल के लिए पहाड़ी नाले का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीण नाले का पानी इकट्ठा कर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं। गांव में करीब 70 लोग रहते हैं, लेकिन अब तक पेयजल और सड़क जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। ग्रामीणों ने शुक्रवार को 4 बजे बताया कि हम लोग पिछले 15 से 20 वर्षों से इन समस्याओं के बीच जीवन गुजार रहे हैं। बरसात के दिनों में नाले का पानी गंदा होने से बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। पानी की तलाश में महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।