मुरैना में कृष्णा अस्पताल के बाहर बवाल! मरीज की मौत के बाद शव रखकर धरना, सड़क पर लगाया जाम।
मुरैना - मिल एरिया रोड स्थित कृष्णा अस्पताल में 55 वर्षीय रामदीन कुशवाह की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान गोली और इंजेक्शन देने के कुछ ही देर बाद रामदीन की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मौत के बाद गुस्साए परिजनों और लोगों ने अस्पताल के सामने शव रखकर धरना दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर सड़क जाम कर दी। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज से जुड़े पर्चे अपने कब्जे में लेने का आरोप भी लगाया है।
हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी जुटा रही है। अब पुलिस जांच के बाद ही मौत की वजह और लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आएगी।