‘दोस्ती’ के साथ सेवा का संकल्प, लायंस क्लब मुरैना डायमंड की नई टीम ने ली शपथ
100 सदस्यीय क्लब ने पेश की सेवा, मित्रता और सामाजिक एकता की मिसाल; पंडित जे.पी. शर्मा को मिला ‘मुरैना लायन रत्न’ सम्मान
मुरैना। लायंस क्लब मुरैना डायमंड द्वारा वर्ष 2026-27 का भव्य शपथ ग्रहण समारोह ‘दोस्ती’ उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में क्लब की नई टीम ने सेवा, समाजहित और जनकल्याण के प्रति समर्पण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की। 100 सदस्यीय क्लब ने कार्यक्रम के माध्यम से दोस्ती, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि एवं संस्थापन अधिकारी कुलभूषण मित्तल, शपथ अधिकारी एवं पूर्व मल्टीप्ल काउंसिल सेक्रेटरी सुनील अरोड़ा, मुख्य वक्ता एवं पूर्व मल्टीप्ल कोऑर्डिनेटर जीएमटी अशोक ठाकुर सहित विशिष्ट अतिथि नरेंद्र चंगिया, गाइडिंग विशेष अतिथि प्रशांत जैन, विशेष आमंत्रित अतिथि पंडित जे.पी. शर्मा, रीजन चेयरपर्सन निधि गुप्ता एवं जोन चेयरपर्सन डॉ. मीरा बांदिल मंचासीन रहे।
समारोह में अध्यक्ष प्रमोद सिंघल, सचिव दिनेश यादव, कोषाध्यक्ष विनोद सिंघल, एडमिनिस्ट्रेटर अमित कुमार गुप्ता एवं उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल ने शपथ ग्रहण की। इस दौरान क्लब अध्यक्ष प्रमोद सिंघल एवं एडमिनिस्ट्रेटर अमित कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि को भरोसा दिलाया कि क्लब द्वारा मुरैना शहर में जल्द ही एक स्थायी सेवा प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा।
50 साल की सेवा के लिए मिला ‘मुरैना लायन रत्न’
कार्यक्रम में लायंस आंदोलन से पिछले 50 वर्षों से जुड़े रहकर सेवा कार्यों में योगदान दे रहे पंडित जे.पी. शर्मा को उनके दीर्घकालीन सेवाभाव के लिए ‘मुरैना लायन रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं अमित कुमार गुप्ता (जय) एवं प्रमोद सिंघल (वीरू) की विशेष जोड़ी एंट्री समारोह का आकर्षण रही।
समारोह में विभिन्न लायंस एवं रोटरी क्लबों के साथ भारत विकास परिषद, पहल परिवार, जेसीआई जागृति, इनर व्हील, अपना घर समिति, कामतानाथ भक्त मंडल सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। गंगानगर, भिवाड़ी, जयपुर, इंदौर और ग्वालियर से पहुंचे लायंस साथियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम के संयोजक अंकित माहेश्वरी एवं दिनेश यादव ने सभी अतिथियों, समाजसेवियों और पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया। समारोह में सेवा के नए संकल्प के साथ क्लब की आगामी सामाजिक गतिविधियों को लेकर भी उत्साह देखने को मिला।