न्याय न मिलने से नाराज महिला सीएम आवास के पास टावर पर चढ़ी, कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा
लखनऊ। हजरतगंज थाना क्षेत्र के पार्क रोड पर उस समय हड़कंप मच गया जब आगरा की रहने वाली तुलसा नाम की महिला सीएम आवास के पास स्थित एक टावर पर चढ़ गई। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से क्षुब्ध होकर महिला ने इस अनोखे अंदाज में विरोध जताया।
महिला का आरोप है कि मान सिंह नाम के व्यक्ति ने उसकी डेढ़ बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित महिला का दावा है कि उसने इस जमीन विवाद को लेकर पूर्व में तहसील और जिला प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने काफी देर तक महिला को समझा-बुझाकर और कड़ी मशक्कत के बाद टावर से सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Hardoi, Hardoi | Sep 22, 2026