जिलाधिकारी ने तिरंगा फहराकर शहीदों को किया नमन, स्वतंत्रता सेनानी आश्रितों का सम्मान
उरई, जालौन। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कैम्प कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। ध्वजारोहण के बाद सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों सरस्वती देवी, गणेशी देवी, कौशल्या देवी और रामदेवी विद्यार्थी को माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का दिन भी है। वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करे। युवाओं को शिक्षा, कौशल, उद्यमिता और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर प्रशासन का विशेष जोर है।
जिलाधिकारी ने अनेकों विकास परियोजनाओं के बारे में भी बताया एवं इन योजनाओं को जनपद के विकास की नई दिशा बताया। उन्होंने कहा कि विकास निरंतर प्रक्रिया है, जिसमें प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज ने कहा कि स्वतंत्रता तभी सार्थक है, जब हर नागरिक आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बने। वहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी न्यायिक रिन्कू सिंह राही ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
Orai, Jalaun | Aug 15, 2026