स्वतंत्रता दिवस पर वृद्धाश्रम पहुंचे डीएम-एसपी, बुजुर्गों के बीच बांटी खुशियां
“जुग-जुग जिया लाल, कमिश्नर बनो”—बुजुर्गों के स्नेहाशीष से भावुक हुआ माहौल
उरई (जालौन)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ आत्मीय पल बिताए। उन्होंने वृद्धजनों को फल वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बुजुर्गों का आशीर्वाद भी लिया।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को अपने बीच पाकर वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और अपनत्व का भाव साफ नजर आया। बातचीत के दौरान एक बुजुर्ग ने बुंदेलखंडी अंदाज में जिलाधिकारी को स्नेहाशीष देते हुए कहा जुग-जुग जिया लाल, बानो कमिश्नर। बुजुर्ग के इस आत्मीय आशीर्वाद से माहौल भावुक और खुशनुमा हो गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, स्नेह और आशीर्वाद समाज को निरंतर दिशा देता है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा और सम्मान करना हम सभी का दायित्व है तथा जिला प्रशासन उनके सुख-सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने के लिए प्रतिबद्ध है।जिलाधिकारी ने बताया कि वृद्धजनों को हरिद्वार एवं वृंदावन के दर्शन कराए जा चुके हैं। अब उन्हें अयोध्या धाम ले जाकर श्रीरामलला के दर्शन कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के जीवन में खुशियां लाना और उन्हें अपनों जैसा अपनत्व देना प्रशासन की संवेदनशील जिम्मेदारी है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के वृद्धाश्रम पहुंचने से वहां उत्सव और अपनत्व का माहौल देखने को मिला। बुजुर्गों ने भी अधिकारियों को स्नेहाशीष देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Orai, Jalaun | Aug 15, 2026