गोहन क्षेत्र में युवक से मारपीट और अभद्रता का वीडियो वायरल, दो आरोपी गिरफ्तार
जालौन। गोहन थाना क्षेत्र के नावर गांव से सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने सनसनी फैला दी है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक के साथ मारपीट करते और कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि पीड़ित युवक से पैर छुलवाए गए तथा महापुरुषों के संबंध में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 14 अगस्त का है। वीडियो में एक युवक दूसरे युवक के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है और वह अपने साथियों से वीडियो बनाने के लिए कहता नजर आ रहा है। इसी दौरान पीड़ित के साथ कथित रूप से अभद्रता किए जाने और उसे पैर छूने के लिए मजबूर किए जाने का आरोप है।
पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी द्वारा बताया गया कि सोशल मीडिया से एक वीडियो प्रकाश में आया है जिसमें एक व्यक्ति नोरे चतुर्वेदी जो थाना गोहन क्षेत्र के रहने वाले हैं उनके द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट की जा रही है और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है उक्त वीडियो का संज्ञान लेकर अभियोग पंजीकृत किया गया है। 02 अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है एवं शेष अभियुक्त नोरे चतुर्वेदी की गिरफ्तारी हेतु दबिश दी जा रही है जल्द से जल्द अभियुक्त नोरे को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा दी गयी बाइट।
Orai, Jalaun | Aug 15, 2026