ग्रामीण अंचल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया बेटियों के सम्मान और साक्षरता का संदेश
कालपी/जालौन। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद जालौन की कालपी तहसील के ग्राम सैदपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में उत्साह और देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान नन्ही बच्चियों ने बेटियों के प्रोत्साहन और सम्मान पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने बेटियों को समान अवसर देने और उन्हें आगे बढ़ाने का संदेश दिया। वहीं विद्यार्थियों ने साक्षरता के महत्व पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीण समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
ग्रामीण परिवेश में रहने वाले इन बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी क्षेत्र या संसाधन की मोहताज नहीं होती। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर गांवों के बच्चे भी अपनी प्रतिभा से किसी से कम नहीं हैं।
स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया और बेटियों के सम्मान, शिक्षा के प्रसार तथा जागरूक समाज के निर्माण का प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक प्रताप भानु यादव, सहायक अध्यापक निक्की निरंजन एवं ग्राम सैदपुर के वरिष्ठ नागरिक आदि उपस्थित रहे।
Orai, Jalaun | Aug 15, 2026