*दिल्ली*
*🔴 दिल्ली: मकान में आग लगने से 4 की मौत, 2 घायल, सभी पहली मंजिल पर सो रहे थे; ई-रिक्शा के चार्जिंग पॉइंट से लगी आग*
*नई दिल्ली।* पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित विश्वास नगर में रविवार तड़के एक मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
यह हादसा विश्वास नगर की गली नंबर-11, यूनिटी मॉल के पास स्थित करीब 60 गज के मकान में हुआ। दमकल विभाग को सुबह करीब 4:13 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 5 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
बताया जा रहा है कि आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बने ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से लगी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या चार्जिंग के दौरान बैटरी में ओवरहीटिंग को वजह माना जा रहा है। आग में 4 ई-रिक्शा भी जलकर खाक हो गए।
हादसे के समय सभी 6 लोग पहली मंजिल पर सो रहे थे। दमकलकर्मियों ने सभी को बाहर निकालकर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया। घायलों को जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
शाहदरा DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा कि शुरुआती जांच में आग ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से शुरू होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।