दि सहारनपुर वॉइस न्यूज़ 7
सच्चाई के साथ हरदम!
👉🏾👉🏾 सहारनपुर को जल्द मिलेगी आधुनिक आईएसबीटी की सौगात! 22 करोड़ की लागत से बन रहा बस अड्डा, विधायक राजीव गुंबर ने किया निरीक्षण!!
👉🏾👉🏾 दिल्ली रोड पर काशीराम कॉलोनी के निकट निर्माण कार्य जारी, अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने और काम में तेजी लाने के दिए निर्देश!!
सहारनपुर। महानगर सहारनपुर के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली रोड स्थित काशीराम कॉलोनी के निकट करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का निर्माण कराया जा रहा है। शनिवार को नगर विधायक राजीव गुंबर ने निर्माणाधीन बस अड्डे का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए तेजी से काम कराया जाए। साथ ही उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इस आधुनिक आईएसबीटी के तैयार होने से सहारनपुर सहित आसपास के जनपदों से आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। बस अड्डे पर आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित होने से आवागमन अधिक सुगम और सुविधाजनक हो सकेगा।
नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि सहारनपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित महानगर बनाने के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों की कड़ी में आईएसबीटी परियोजना भी सहारनपुर के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
22 करोड़ की यह परियोजना पूरी होने के बाद सहारनपुर के परिवहन ढांचे को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
#Saharanpur #ISBT #RajivGumber #YogiAdityanath #SaharanpurDevelopment #UPNews #BJP #SmartCity #BusTerminal #DevelopmentNews #दि_सहारनपुर_वॉइस_न्यूज़7