पूर्व प्रधानमंत्री एवं बलिया के गौरव जननायक चंद्रशेखर के जन्मशताब्दी वर्ष और 10 नवंबर 1990 को उनके प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की ऐतिहासिक स्मृति में मंगलवार को जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने बलिया की ऐतिहासिक विरासत, महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को अपनी मिट्टी और इतिहास से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद नीरज शेखर ने कहा कि 10 नवंबर 1990 का दिन बलिया ही नहीं, बल्कि पूरे देश के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इसी दिन उनके पिता और जननायक चंद्रशेखर ने देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस क्रम में जिले के प्रमुख महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर उन्हें दीप प्रज्वलित कर नमन किया गया। कुंवर सिंह, अमर शहीद मंगल पांडेय, चित्तू पांडेय और मुरली बाबू सहित बलिया की गौरवशाली पहचान रहे महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
नीरज शेखर ने कार्यक्रमों में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बलिया का इतिहास संघर्ष, त्याग, बलिदान और देशभक्ति की गौरवशाली गाथाओं से भरा हुआ है। नई पीढ़ी को अपने जिले के महापुरुषों और उनके संघर्षों के बारे में जानना चाहिए। जब युवा अपनी मिट्टी और विरासत से जुड़ेंगे, तभी यह गौरवशाली परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि जननायक चंद्रशेखर की जन्मशताब्दी और ऐतिहासिक प्रधानमंत्री दिवस का आयोजन केवल बलिया तक सीमित नहीं रहा। कोलकाता, ओडिशा, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित देश के विभिन्न शहरों में भी समर्थकों और शुभचिंतकों ने कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया।
पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के कार्यकाल की चुनौतियों और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर भी सांसद ने अपनी बात रखी। उन्होंने इन विषयों पर सकारात्मक दिशा में काम होने का विश्वास जताया।
अंत में नीरज शेखर ने कहा कि जननायक चंद्रशेखर का जीवन केवल राजनीतिक संघर्ष की कहानी नहीं, बल्कि विचारों की स्वतंत्रता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। ऐसे आयोजनों का वास्तविक उद्देश्य महापुरुषों को याद करने के साथ-साथ उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और बलिया की ऐतिहासिक पहचान को और मजबूत करना है।
#Balliakhabar #NeerajShekhar #ChandrashekharSingh #jannayakchandrashekhar #balliahistory #primeministerday #UttarPradesh
Belthara Road, Ballia | Nov 11, 2026