न्याय उत्सव – विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत दिव्यांगजनों हेतु विधिक जागरूकता शिविर एवं ट्राइसाइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित
--
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोकनगर श्री सतीश चंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में न्याय उत्सव–विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत बुधवार को दिव्यांगजनों हेतु विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोकनगर, दिव्यांगजन कल्याण विभाग तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (DDRC), अशोकनगर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अभिषेक नागराज, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हेमंत कुशवाह, दिव्यांगजन कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, विभिन्न कानूनों के अंतर्गत प्राप्त संरक्षण तथा शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से दिव्यांगजनों को न्याय तक सहज पहुंच, समानता का अधिकार, सम्मानपूर्वक जीवनयापन एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी आवागमन संबंधी आवश्यकताओं एवं सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए ट्राइसाइकिल का वितरण भी किया गया, जिससे दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने, दैनिक गतिविधियों में सुविधा प्राप्त करने तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़ने में सहायता मिल सके।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश एवं सचिव श्री अभिषेक नागराज द्वारा उपस्थित दिव्यांगजनों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही किए जाने एवं हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि दिव्यांगजनों को न्याय एवं अधिकारों की प्राप्ति में किसी प्रकार की बाधा न हो तथा उनके प्रति समाज में संवेदनशीलता, समानता एवं सहयोग की भावना विकसित हो। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दिव्यांगजनों को आवश्यकता अनुसार निःशुल्क विधिक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, शासन की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना, उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना तथा उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने हेतु प्रोत्साहित करना रहा।
#ashoknagar