हजारेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व
वृंदावन धाम भोपाल से पधारीं सुश्री निधि किशोरी ने श्रीकृष्ण की लीलाओं का किया भावपूर्ण वर्णन
--
मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग के तत्वाधान में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा महादेव मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृंदावन धाम भोपाल से पधारीं सुप्रसिद्ध कथावाचिका सुश्री निधि किशोरी जी ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, उनके जीवन दर्शन एवं भक्ति भावना का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, पूर्व विधायक श्री लड्डूराम कोरी,अपर कलेक्टर श्री डी एन सिंह, श्री मनोज शर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री आर. बी. सिंडोस्कर, एसडीएम श्री इसरार खान, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री विनोद उन्नीतान, भक्तगण उपस्थित रहकर कलाकारों का फूल मालाओं से स्वागत किया।
कार्यक्रम का आयोजन भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी शिक्षाओं और सनातन संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। हजारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे। वातावरण भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भजनों से भक्तिमय बना रहा।
सुश्री निधि किशोरी जी अपनी भक्तिमय प्रस्तुति में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी बाल लीलाओं, गोवर्धन लीला, रासलीला तथा श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से दिए गए कर्म, भक्ति और धर्म के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण की शिक्षाएं आज भी मानव जीवन के लिए उतनी ही प्रासंगिक हैं।