कलेक्टर ने गूगल मीट के माध्यम से भू-माफिया, राशन वितरण,रेत माफिया एवं अतिवर्षा की स्थिति की समीक्षा की
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने शनिवार को गूगल मीट के माध्यम से जिले में समुचित राशन वितरण, भू-माफिया,रेत माफिया के विरुद्ध कार्रवाई तथा अतिवर्षा को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक तैयारियों एवं कार्यवाहियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी विषयों पर गंभीरता से कार्य करते हुए आवश्यक निर्देशों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मालवीय ने जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण राशन समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में भू-माफिया के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे, अतिक्रमण एवं अन्य अनियमितताओं की जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भू-माफिया के विरुद्ध कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं रेत माफियाओं के विरूद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।
अतिवर्षा की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने जिले में नदी-नालों, पुल-पुलियाओं एवं जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संभावित बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को तैयार रखने को कहा। साथ ही ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिवर्षा से उत्पन्न किसी भी आपात स्थिति में आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए राहत एवं बचाव की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने जल भराव क्षेत्रों में स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष निगरानी रखे जाने तथा आवश्यकता होने पर अवकाश घोषित किए जाने की निर्देश दिए।
गूगल मीट के माध्यम से अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,श्रीमती सोनम जैन,समस्त एसडीएम,तहसीलदार,सीईओ जनपद,सीएमओ एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जुडकर भाग लिया।
#ashoknagar