20 हजार डलवाने को कहकर लिया अकाउंट नंबर, आ गए 2 लाख से ज्यादा, अब दे रहे धमकी, फायरिंग भी की👇
बानमोर के रहने वाले एक युवक ने एसडीओपी को आवेदन देकर कहा है कि कुछ मिलने-जुलने वाले लोगों ने यह कहकर उसका बैंक अकाउंट नंबर लिया था कि मामा के लड़के से 20 हजार रुपये लेने हैं, चूंकि बैंक में हमारा खाता नहीं है, इसलिए तुम्हारे अकाउंट में जमा कराना है। लेकिन खाते में 2 लाख 850 रुपये आ गए। अब वे इन रुपयों को निकालकर उन्हें देने का दबाव बना रहे हैं।
युवक के मुताबिक उसे मामला गड़बड़ लग रहा है, इसलिए उसने बैंक को सूचना देकर खाते को होल्ड करा दिया है। उसका कहना है कि जिन्होंने 2 लाख से ज्यादा अमाउंट मंगाया है वे लगातार धमकी दे रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने घर आकर दो फायर भी किये। युवक का कहना है कि उसे एक भी रुपया नहीं चाहिए, लेकिन उसके खाते में 2 लाख से ज्यादा रुपये कहाँ से और कैसे आये, यह स्पष्ट होना चाहिए।