सुरक्षित बचपन अभियान के तहत उत्कृष्ट विद्यालय में जागरूकता शिविर आयोजित
न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, बाल अधिकार एवं साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में 02 नवंबर 2026 को सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय, झाबुआ में “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, कानूनी संरक्षण, स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री दिनेश देवड़ा, द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री राकेश कुमार पाटीदार एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविर में श्री दिनेश देवड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने सर्वांगीण विकास का अधिकार है। बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा अनुचित व्यवहार होने पर बिना संकोच अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों को इसकी जानकारी देना चाहिए।
द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री राकेश कुमार पाटीदार ने पॉक्सो अधिनियम, 2012 के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण, गुड टच बैड टच, बाल शोषण की रोकथाम तथा अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए तथा ऐसी स्थिति में तत्काल शिकायत करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक ने बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम एवं निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद व्यक्तियों एवं बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से होने वाले खतरों के बारे में भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही किशोरावस्था में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, तनाव प्रबंधन, करियर मार्गदर्शन, लक्ष्य निर्धारण एवं व्यक्तित्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी गई।
उक्त शिविर में स्कूल प्राचार्य, शिक्षक/शिक्षिकाऐं एवं बड़ी संख्या में छात्र/छात्राऐं उपस्थित रहें।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
3 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026