कोटा में हथियारबंद बदमाशों का आतंक! दुकान का शटर तोड़कर 7-8 चोर तिजोरी उठाकर ले गए, 13 लाख का माल पार
कोटा। शहर के जगपुरा स्थित सूर्य नगर रोड, वार्ड नंबर 4 में हथियारबंद बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। विष्णु सोनी की दुकान को निशाना बनाते हुए 7 से 8 अज्ञात बदमाश शटर तोड़कर अंदर घुसे और पूरी तिजोरी ही उठाकर फरार हो गए। बदमाशों के पास बंदूक होने की भी जानकारी सामने आई है।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तिजोरी को दुकान से बाहर निकालकर पास के एक खाली प्लॉट में ले गए। इसके बाद पानी-पतासे के ठेले में तिजोरी रखकर मुर्गा फार्म तक ले जाने की बात सामने आई है। मुर्गा फार्म के पास से एक थैला भी मिला है।
विष्णु सोनी से मिली जानकारी के अनुसार, भंवर बंजारा ने बताया कि तिजोरी में करीब 7 किलो चांदी और 5 से 6 ग्राम सोना रखा हुआ था। चोरी हुए माल की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है। इसमें लगभग 12 लाख रुपये की चांदी और 1 लाख रुपये का सोना शामिल है।
घटना रानपुर थाना क्षेत्र की है। एक साथ 7-8 बदमाशों द्वारा इस तरह वारदात को अंजाम देना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। अब पुलिस के सामने बदमाशों की पहचान कर चोरी का माल बरामद करने की चुनौती है।
सवाल यह है कि हथियार लेकर आए बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते रहे और इलाके में किसी को भनक तक नहीं लगी?
#KotaNews #Jagpura #Suryanagar #RanpurPolice #KotaCrime #BreakingNews #MangalSinghHada
Ladpura, Kota | Nov 15, 2026