कोटा की मधुर डेयरी में भीषण आग, अंदर मिला एक व्यक्ति का शव; तीन दमकलों ने पाया काबू
कोटा। शहर के भीमगंजमंडी थाना इलाके में शनिवार शाम मधुर डेयरी में आग लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर तीन दमकल गाड़ियां भेजी गईं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने शनिवार शाम जानकारी देते हुए बताया कि मधुर डेयरी में आग लगने की सूचना पर तत्काल तीन दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। इसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें डेयरी के अंदर से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं।
Ladpura, Kota | Nov 14, 2026