*स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की सुविधा हेतु किया गया क्यूआर कोड डिस्पले*
*-स्कैनर के माध्यम से कर सकेंगें इमरजेंसी, ओपीडी बिलिंग व लैब बिलिंग का डिजिटल भुगतान-सीएमओ*
*रेवाड़ी, 16 अक्टूबर।*
जिला के नागरिक अस्पताल एवं सभी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की सुविधा हेतु क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटल भुगतान प्राप्त करने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इस सुविधा से मरीज ओपीडी, इमरजेंसी बिलिंग और लैब जांच बिलिंग काउंटर पर क्यू आर स्कैनर डिस्प्ले से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे।
सिविल सर्जन डॉ. नरेंद्र दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों की देखभाल से संबंधित पर्ची बनवाने तथा विभिन्न प्रकार की जांचों के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान क्यू आर कोड के माध्यम से करने की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सुरक्षित, सरल एवं पारदर्शी तरीके से भुगतान की डिजिटल सेवाओं का प्रयोग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों एवं उनके परिजनों को भुगतान की प्रक्रिया में सुविधा प्रदान करना तथा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना है। क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान करने पर मरीजों को नकद राशि साथ रखने की आवश्यकता कम होगी और भुगतान प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनेगी।
सिविल सर्जन ने सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करें, ताकि जिले के नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
----------
Rewari, Rewari | Oct 16, 2026