सड़कों की बदहाली पर मंगलौर भाजपा मंडल का हल्लाबोल, PWD कार्यालय का घेराव
विधायक सुरेंद्र शौरी बोले—80% से अधिक बस रूट प्रभावित, 44 करोड़ की केंद्रीय राशि के बावजूद सड़कें बदहाल
Kullu Times
आज बंजार विश्राम गृह में मंगलौर भाजपा मंडल की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी एवं मंडल प्रभारी बलदेव महंत विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी बूथों से बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी की।
संगठनात्मक बैठक के उपरांत भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति और बंद पड़े बस रूटों के विरोध में लोक निर्माण मंडल बंजार स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ रोष जताते हुए सड़क बहाली एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाई।
इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र में 80 प्रतिशत से अधिक बस रूट प्रभावित हैं, क्योंकि बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए आवश्यक सड़कें समय पर बहाल नहीं हो पाई हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की धीमी कार्यप्रणाली का सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) चरण-III के अंतर्गत निर्माणाधीन बंजार–बठाहड़, दमोठी–भरठीधार, सिद्धवां–गलवाहधार और सैंज–न्यूली सड़क मार्गों पर जनता धूल, गड्ढों और जोखिम भरे सफर के बीच यात्रा करने को मजबूर है। इन चारों महत्वपूर्ण सड़कों पर सफर करना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से लगभग 44 करोड़ रुपये की राशि मिलने के बावजूद यदि सड़कें बदहाल हैं, तो इसके लिए प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग को जवाब देना होगा। केंद्र से मिलने वाले धन का उद्देश्य धरातल पर गुणवत्तापूर्ण विकास सुनिश्चित करना है, न कि फाइलों और विभागीय प्रक्रियाओं में काम को उलझाए रखना।
विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि PMGSY चरण-IV के अंतर्गत बंजार विधानसभा क्षेत्र की 20 सड़कों के प्रस्तावित उन्नयन कार्यों को लेकर विभाग अभी से सतर्कता बरते। उन्होंने मांग की कि इन कार्यों की सख्त निगरानी, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पूर्व की तरह जनता को निर्माणाधीन सड़कों की दुर्दशा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जनहित में उपलब्ध करवाए जा रहे बजट की फिजूलखर्ची और जनता के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाजपा कार्यकर्ता सड़क, परिवहन और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार जनता की आवाज उठाते रहेंगे।
इस अवसर पर मंगलौर भाजपा मंडल के पदाधिकारी, बूथ स्तर के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Sep 21, 2026