बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत भीखमचक पंचायत स्थित भीखमचक चौक पर रविवार शाम सीपीआई कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
साथ ही, कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए। राज्य आशा संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता राय और सीपीआई के वरिष्ठ नेता एवं मुखिया रामदेव साहनी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया और नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह के इशारे पर बिहार और बंगाल के चुनाव में गड़बड़ी कर एनडीए की सरकार बनाने में मदद की।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का काम पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना है। लेकिन, वोट चोरी कर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफा देना चाहिए, ताकि लोकतंत्र की गरिमा बनी रहे और लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।
नेताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
मौके पर सीपीआई नेता रणधीर ईश्वर, शिवचंद्र महतो, प्रेम पासवान, प्रमोद राय, रामाज्ञा राय और अमित कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।