*सुखपुरा इंटर कॉलेज में बाल विवाह रोकथाम एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित*
*डीएम ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों का कराया बोध*
बलिया। सुखपुरा इंटर कॉलेज में गुरुवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता एवं जनगणना से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी), मतदान के महत्व तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जनगणना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के क्रम में जिलाधिकारी के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन के मार्गदर्शन में महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (HEW) की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिला स्वावलंबन एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक अंजली सिंह एवं जेंडर स्पेशलिस्ट निकिता सिंह ने छात्राओं को शिक्षा और करियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने महिला स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता तथा महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति भी छात्राओं को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने बताया कि बाल विवाह से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए इस कुप्रथा को रोकने तथा इसकी सूचना संबंधित विभाग एवं प्रशासन को देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान, जनगणना, शिक्षा, महिला अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित, समान एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Ballia, Ballia | Nov 19, 2026