कायाकल्प योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पदाधिकारियों का प्रशिक्षण
लखीसराय। जिले में कायाकल्प योजना के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की।
प्रशिक्षण के दौरान योजना के उद्देश्य, कार्यों की प्राथमिकता तय करने, उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग तथा योजनाओं की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण से संबंधित जानकारी दी गई। सभी प्रखंडों में निर्धारित कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कायाकल्प योजना के माध्यम से आधारभूत संरचनाओं एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों में आवश्यक सुधार कर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने प्रखंड स्तर पर बेहतर समन्वय एवं प्रभावी निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया। प्रशिक्षण के दौरान योजना से जुड़े तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं के साथ संभावित समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई।मौके पर निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन नीरज कुमार, निदेशक NEP नीरज आनंद सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।