पीएम सूर्य घर योजना के तहत लाभार्थियों को मिलेगा अतिरिक्त राज्य अनुदान, सोलर प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ
लखीसराय। बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘सोलर सेवा सेतु कैंप’ के तहत मंगलवार को मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाभार्थियों के खाते में अतिरिक्त राज्य अनुदान हस्तांतरण एवं सोलर प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ किया गया। लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
योजना के तहत घरों की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर परिवारों को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा से जोड़ने के साथ बिजली खर्च कम करने का लक्ष्य है। 1 किलोवाट के संयंत्र पर केंद्र से 30 हजार और राज्य से 10 हजार, यानी कुल 40 हजार रुपये तक अनुदान मिलेगा। 2 किलोवाट पर कुल 80 हजार तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर कुल 98 हजार रुपये तक की सहायता का प्रावधान है।
राज्य सरकार का अतिरिक्त अनुदान 31 मार्च 27 तक उपलब्ध रहेगा। सोलर संयंत्र लगाने के लिए 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर आसान किस्तों में ऋण सुविधा भी दी जा रही है। ‘सोलर सेवा सेतु कैंप’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत प्रखंड स्तर पर प्रचार-प्रसार, ऑनलाइन पंजीकरण और लाभार्थियों को सोलर संयंत्र स्थापना में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है।