सीएम डैशबोर्ड और राजस्व कार्यों की समीक्षा, लापरवाही पर नलकूप विभाग के अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
हरदोई, 31 अगस्त। स्वामी विवेकानंद सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड एवं राजस्व-विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजस्व कार्यों और कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्राप्त प्रगति की जानकारी ली। कम प्रगति वाले विभागों को विशेष प्रयास कर लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की रैंकिंग और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों का नियमित अनुश्रवण किया जाए। जिन योजनाओं में प्रगति कम है, उनमें तत्काल सुधार लाया जाए।
समीक्षा के दौरान नलकूप विभाग की प्रगति और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने पाया कि एसडीओ नलकूप प्रमोद कुमार और एक्सईएन नलकूप द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों का अपेक्षित रूप से अनुपालन नहीं किया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का समयबद्ध एवं गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं की प्रगति में सुधार लाएं और जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, समस्त उप जिलाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Aug 31, 2026