*पारंपरिक खेती से बहुफसली खेती तक का सफर, चीकू, अमरूद, नारियल और फूलों की खेती से संवार रहे आर्थिक स्थिति*
आलीराजपुर । मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने उन्नत कृषक श्री भावला पिता बुतिया के खेत एवं बगीचे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषक से चर्चा कर उनकी खेती के तौर-तरीकों, नवाचारों और उन्नत कृषि अपनाने की प्रेरणा के स्रोत के बारे में जानकारी ली।
कृषक श्री भावला ने बताया कि पहले वे पारंपरिक खेती के माध्यम से अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। कुछ वर्षों पूर्व उद्यानिकी एवं कृषि विभाग से जुड़कर उन्होंने खेती के पारंपरिक तरीकों में बदलाव किया और बहुफसली खेती (मल्टी फार्मिंग) को अपनाया। वर्तमान में वे अपने खेत में चीकू, अमरूद, नारियल सहित विभिन्न फलदार पौधों के साथ फूलों की खेती भी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष उन्होंने पपीते की खेती की थी, जिससे अच्छी आमदनी प्राप्त हुई। इस वर्ष उन्होंने गेंदा फूल की खेती की है। दीपावली के नजदीक होने से फूलों की मांग बढ़ी है और उन्हें अच्छे भाव मिल रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि इस वर्ष फूलों की खेती से पिछले वर्ष की तुलना में अधिक आय प्राप्त होगी।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने कृषक के प्रयासों एवं नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों और बहुफसली खेती को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। इस तरह के प्रयास अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायी हैं।
इस दौरान अनुभागीय अधिकारी राजस्व श्री मनोज गरवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#मुख्यमंत्री_जन_विश्वास
#उन्नतकिसान
#collector
#alirajpur
2 views | Alirajpur, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026