जमुई: गैरमानक रूप से संचालित डॉ. शालिनी सिंह का क्लिनिक सील
ड्यूटी से महिला चिकित्सक के गायब रहने से इलाज के अभाव में एक गर्भवती और एक प्रसूता की मौत का मामला सुर्खियों में छाने के बाद डीएम के निर्देश पर एसडीओ सौरभ कुमार के नेतृत्व में गठित टीम रविवार की रात डॉ. शालिनी सिंह के क्लीनिक सह आवास पर पहुंच गई। इस दौरान रजिस्ट्रेशन नहीं रहने और आवश्यक संसाधन की कमी यानि मानक रूप से संचालित नहीं होने की वजह स्व देर रात 11:00 बजे क्लिनिक को सील कर दिया गया है। इससे पूर्व एसडीओ के नेतृत्व में बीडीओ और सीओ द्वारा क्लीनिक की जांच की गई। घूम- घूम कर बारीकी से जायजा लिया गया। इस कार्रवाई से आसपास के लोगों में भी अफरा- तफरी का माहौल बना रहा। देखने के लिए स्थानीय लोगों की भी काफी भीड़ लग गई। जांच के दौरान क्लिनिक में गंदगी के साथ बेड भी फटा हुआ पाया गया। साथ ही कई खामियां भी पाई गई। हालांकि महिला चिकित्सक डा. शालिनी सिंह क्लिनिक से गायब दिखी। क्लिनिक के संबंध में भर्ती मरीज से आवश्यक पूछताछ भी की गई है। जांच के दौरान महिला चिकित्सक क्लिनिक पर नहीं पहुंची है।
बाद में जांच के दौरान आईएमए की टीम भी पहुंच गई। एसडीओ सौरव कुमार और आईएमए की टीम के बीच क्लिनिक के अंदर लंबी वार्ता हुई। कई तथ्यों पर सवाल जवाब भी हुआ, लेकिन बात नहीं बन पाई। अंततः क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन नहीं रहने और मानक के अनुरूप क्लीनिक का संचालन नहीं होने की वजह से क्लीनिक को सील करना पड़ा।
एसडीओ सौरव कुमार ने बताया कि क्लिनिक का राजिस्ट्रेशन नहीं रहने और क्लिनिक में ओटी व पैथोलॉजी लैब संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद सीएस को सूचना दी गई तो उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन का पेपर रजिस्टर में संधारित नहीं है। इसके बाद सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉक्टर थनीष कुमार के साथ क्लिनिक की जांच शुरू की गई। जांच के क्रम में यह पता चला है कि क्लिनिक का रजिस्ट्रेशन 2021-22 से ही एक्सपायर है। क्लिनिक में गंदगी भी पाई गई है। अग्नि सुरक्षा से संबंधित भी कमी पाई गई है। अग्निशमन यंत्र भी एक्सपायर पाया गया है। यहां पॉल्यूशन का सर्टिफिकेट नहीं दिया गया, मेडिकल वेस्टेज के निस्तारण का भी कोई व्यवस्था नहीं थी। यानि क्लिनिक के रजिस्ट्रेशन के साथ-साथ खामियां ही खामियां पाई गई। फ्लैट नुमा मकान में क्लीनिक का संचालन किया जा रहा था। डॉक्टर चैंबर समेत कुल 06 कमरे को सील किया गया है। क्लीनिक से संबंधित सभी कागजात पेश करने का निर्देश दिया गया है आगे के चार्ट प्रक्रिया तक क्लिनिक को सील रखा जाएगा। #jamuibihar #jamuipolice #sdojamui #healthcare #HealthMinister
Jamui, Jamui | Oct 5, 2026