बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत
एकलव्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बड़वानी 28 नवम्बर 2026/
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान 2026 के अंतर्गत एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय पुरुषखेड़ा (निवाली), में 27 नवंबर को विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूक करना तथा बालिकाओं की शिक्षा, अधिकारों एवं सुरक्षित भविष्य के महत्व को समझाना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री रूप सिंह सोलंकी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुश्री प्रिया बुंदेल एवं थाना प्रभारी, निवाली श्री रवि ठाकुर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें पुरानी सामाजिक मान्यताओं, आर्थिक लालच एवं बाल विवाह के दुष्परिणामों को दर्शाया गया। कक्षा 12वीं की छात्रा मुस्कान ने बाल विवाह के विरुद्ध विचारपूर्ण भाषण प्रस्तुत किया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस अवसर पर थाना प्रभारी श्री रवि ठाकुर ने सेफ क्लिक 2.0 अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव एवं डिजिटल जागरूकता के प्रति भी जागरूक किया तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी। अभियान के अंतर्गत 25 नवंबर को आयोजित पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में राजकुमारी चौहान, आयुष रावत एवं मीनाक्षी भोंसले तथा स्लोगन प्रतियोगिता में शिवानी ब्राह्मणे, रिया गंगवाल एवं संजना मोरे ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ली तथा समाज में जागरूकता फैलाने और बाल विवाह की घटनाओं को रोकने में सक्रिय सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण, प्रत्येक बच्चे को शिक्षा एवं सुरक्षित बचपन प्रदान करने तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
Directorate Women and Child Development, MP
#JansamparkMP
#Badwani
5 views | Barwani, Madhya Pradesh | Nov 28, 2026