जहरीली शराब से 11 मौतों पर राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी बोले- घटना दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
दमोह। सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत के मामले में संस्कृति, पर्यटन एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। रविवार देर शाम दमोह शहर के वर्धमान प्लाजा के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे राज्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा के दौरान घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
राज्यमंत्री लोधी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जरूरी है और जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं की भविष्य में पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों तक पहुंचना चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके।
बता दें कि सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने के बाद 11 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Dharmendra Singh Lodhi mla
CM Madhya Pradesh
Sagar Commissioner
Damoh, Damoh | Sep 7, 2026