समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 09 अक्टूबर 2026
कायाकल्प अभियान की समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
30 नवंबर 2026 तक मरम्मति, जीर्णोद्धार एवं रंग-रोगन के कार्य पूर्ण करने का निर्देश
बक्सर जिले में निर्धारित न्यूनतम लक्ष्य 1,360 के विरुद्ध 1,569 योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि
आज दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में कायाकल्प अभियान से संबंधित समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं, नगर निकायों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
बैठक में राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण, अनुरक्षण एवं जनसुविधाओं के उन्नयन के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि अभियान के तहत पूर्व से निर्मित परिसंपत्तियों का उन्नयन, रंग-रोगन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मति का कार्य 30 नवंबर 2026 तक पूर्ण किया जाना है। वहीं, नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों के निर्माण का कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके अंतर्गत प्रत्येक पंचायत में कम-से-कम 10 योजनाओं का चयन कर पोर्टल पर प्रविष्टि करना सुनिश्चित किया जाना है।
समीक्षा के क्रम में पाया गया कि बक्सर जिले में निर्धारित न्यूनतम लक्ष्य 1,360 के विरुद्ध कुल 1,569 योजनाओं की प्रविष्टि पोर्टल पर की जा चुकी है। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने विभाग से संबंधित प्रविष्ट योजनाओं की विभागीय लॉगिन के माध्यम से समीक्षा करें। यदि किसी योजना की प्रविष्टि शेष है, तो संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उसे शीघ्र पोर्टल पर दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल पर दर्ज योजनाओं की समीक्षा कर ऐसी योजनाओं को चिह्नित करें, जिनके अंतर्गत मरम्मति, जीर्णोद्धार एवं रंग-रोगन का कार्य 30 नवंबर 2026 तक पूरा किया जा सकता है। चिह्नित योजनाओं में तत्काल कार्य प्रारंभ कराते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त, सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कायाकल्प अभियान के तहत किए जा रहे जीर्णोद्धार एवं उन्नयन कार्यों की कार्य से पूर्व एवं कार्य पूर्ण होने के बाद की स्थिति के फोटोग्राफ तथा वीडियो तैयार कराएं। सभी योजनाओं से संबंधित कार्यों का समुचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करते हुए अभिलेख एवं दृश्य सामग्री अवलोकनार्थ उपलब्ध कराएं।
जिला पदाधिकारी ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, योजनाओं की नियमित समीक्षा तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्यों की पूर्णता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Buxar Administration Buxar Police Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #samrat4bjp #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #buxarcity #CMOBihar #bihar #buxar
2 views | Buxar, Bihar | Oct 9, 2026