समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 09 अक्टूबर 2026
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रधान लिपिकों एवं नाजीर की समीक्षा बैठक आयोजित, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
आज दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में आज समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में समाहरणालय एवं संलग्न कार्यालयों के प्रधान लिपिकों एवं नाजीर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध निष्पादन तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला सांख्यिकी कार्यालय के प्रधान लिपिक अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित प्रधान लिपिक का वेतन स्थगित करने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
लंबित न्यायालय से संबंधित मामलों के निष्पादन पर जोर
बैठक में माननीय उच्च न्यायालय में लंबित CMJC/MJC वादों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि संबंधित मामलों में शपथ पत्र एक सप्ताह के अंदर तैयार कर विधि शाखा को उपलब्ध कराया जाए, ताकि न्यायालय से संबंधित मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने विधि शाखा के प्रधान लिपिक को निर्देश दिया कि लंबित मामलों से संबंधित कार्यालयों की सूची तैयार करें। जिन कार्यालयों द्वारा दो से अधिक स्मार पत्र दिए जाने के बावजूद शपथ पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है, उनके संबंधित कर्मियों के वेतन स्थगन एवं स्पष्टीकरण के लिए संचिका उपस्थापित करने का निर्देश दिया गया।
सेवानिवृत्ति के दिन ही सेवांत लाभ का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश
सेवांत लाभ से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सेवानिवृत्ति से छह माह पूर्व ही संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों की सूची तैयार कर ली जाए। साथ ही, सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय रहते पूरी की जाएं, ताकि संबंधित कर्मियों को उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि पर ही सभी देय सेवांत लाभों का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं डीसी बिल का समयबद्ध निष्पादन
बैठक में लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्रों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने आपदा एवं आईसीडीएस से संबंधित लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्र एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, लंबित डीसी बिल से संबंधित सभी मामलों का एक सप्ताह के अंदर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों के प्रधान लिपिकों को निर्देश दिया कि सभी लंबित पात्रों एवं मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करें। जिन मामलों में जिला स्तर अथवा वरीय पदाधिकारियों द्वारा प्रतिवेदन की मांग की गई है, उन सभी मामलों में प्रतिवेदन अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक के प्रारंभ में गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें तथा प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने दें।
बैठक में स्थापना उप समाहर्ता, बक्सर सहित समाहरणालय की विभिन्न शाखाओं एवं संलग्न कार्यालयों के प्रधान लिपिक तथा नाजीर उपस्थित थे।
जिला जन सम्पर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Samrat Choudhary CMO Bihar Buxar Administration Buxar Police जिला प्रशासन बक्सर
3 views | Buxar, Bihar | Oct 9, 2026