समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 09 अक्टूबर 2026
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, उप विकास आयुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश
आज दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को उप विकास आयुक्त बक्सर, श्रीमती निहारिका छवि की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा हेतु साप्ताहिक बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के निष्पादन, सोलर पैनल अधिष्ठापन, बैंक ऋण स्वीकृति तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बक्सर, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित वेंडरों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सोलर पैनल अधिष्ठापन सुनिश्चित करें, ताकि योजना का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंच सके।
बैंकिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी बैंकों को ऋण अस्वीकृति के मामलों में कमी लाने तथा बिना किसी वैध कारण के ऋण आवेदनों को अस्वीकृत नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी ऋण आवेदन को अस्वीकृत करने से पूर्व संबंधित विद्युत विभाग को इसकी सूचना दी जाए, ताकि मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसके अतिरिक्त, उप विकास आयुक्त ने सभी कनीय अभियंताओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं करने वाले संबंधित कनीय अभियंताओं से कारण-पृच्छा की जाएगी तथा कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, आवेदनों के त्वरित निष्पादन तथा सोलर पैनल अधिष्ठापन में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
जिला जन सम्पर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Energy Department जिला प्रशासन बक्सर #samrat4bjp #CMSamrat #bihar #IPRDBihar #IPRD_Bihar #buxarcity #CMOBihar #buxar
2 views | Buxar, Bihar | Oct 9, 2026