देवास: रिहायशी मकान में पटाखों का जखीरा मिला, नाहर दरवाजा पुलिस ने की जब्ती; नेताओं के नाम लेकर दिखाया रौब
चंद्रतारा कॉलोनी में पुलिस की कार्रवाई, मकान से बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त; कार्रवाई के दौरान आरोपी ने नेताओं का नाम लेकर पुलिस और पत्रकारों पर जमाने की कोशिश की धौंस
देवास। त्योहारों के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण को लेकर नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने चंद्रतारा कॉलोनी के रिहायशी इलाके में एक मकान पर कार्रवाई करते हुए वहां रखे पटाखे जब्त किए हैं।
थाना प्रभारी आलोक सोनी के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में पटाखों की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रिहायशी मकान की जांच के दौरान वहां रखे पटाखे जब्त किए।
रजत अग्रवाल के मकान में रखे थे पटाखे
पुलिस के मुताबिक, संबंधित मकान रजत अग्रवाल के नाम पर है और पटाखे भी उसी के द्वारा रखे गए थे। पुलिस ने मौके से पटाखे जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब यह भी जांच का विषय है कि रिहायशी क्षेत्र में पटाखों का भंडारण किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इसके लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं।
नेताओं के नाम लेकर दिखाने लगा रौब
कार्रवाई के दौरान रजत अग्रवाल ने देवास के कुछ बड़े नेताओं का नाम लेकर पुलिस और मौके पर मौजूद पत्रकारों पर रौब झाड़ने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने किसी दबाव में आए बिना कार्रवाई जारी रखी और पटाखे जब्त किए।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पटाखों के भंडारण और बिक्री को लेकर किन नियमों का उल्लंघन हुआ है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।